गोंडा: दुसाध समाज को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में बुधवार को तीसरे दिन भी अनिश्चितकालीन धरना जारी रहा। इस धरने को समर्थन देने देवरिया से कवि जितेंद्र कुमार और कक्षा 12 की छात्रा रजनी भी शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने जल्द निर्णय न होने पर चक्काजाम की चेतावनी दी है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष भगवानदीन पासवान ने बताया कि सभी साक्ष्य उपलब्ध कराए जा चुके हैं। समिति ने प्रमाण पत्र जारी करने का निर्णय भी लिया है, लेकिन तहसीलों से इन्हें जारी नहीं किया जा रहा। छात्रा रजनी ने बताया कि प्रमाण पत्र न होने से वह छात्रवृत्ति का फॉर्म नहीं भर सकी। जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि कार्यवृत्त जारी हो चुका है। तहसील प्रशासन मानकों के अनुसार प्रमाण पत्र जारी करे।