अयोध्या में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कार्रवाई में लेखपाल उत्कर्षदीप की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को गोंडा में सदर तहसील के लेखपालों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर लेखपालों ने सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक कार्य बहिष्कार किया। उन्होंने गिरफ्तार साथी को रिहा करने और लेखपालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि अयोध्या की सोहावल तहसील में तैनात लेखपाल उत्कर्षदीप अपने राजस्व गांव पराकैल के सचिवालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एंटी करप्शन टीम ने रुपये देने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। लेखपालों ने गिरफ्तारी को अनुचित बताते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से कर्मचारियों की छवि प्रभावित होती है और उन्हें आर्थिक व मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, गिरफ्तार लेखपाल को रिहा करने तथा एसीओ टीम की ओर से लेखपालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। धरने में तहसील अध्यक्ष जय प्रकाश वर्मा, तहसील मंत्री आत्माराम वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरपाल, आर्यन पांडेय, अनिल विश्वकर्मा, अजीत कुमार, मोइनुद्दीन, उमेश जायसवाल, मो. दानिश, भीमप्रसाद, विवेक पटेल और रविशंकर त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।