गाजीपुर जिले में बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिरनो विकास खंड परिसर में बृहस्पतिवार को आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेले में चयन प्रक्रिया से अधिक प्रशिक्षण की शर्तें चर्चा का विषय बन गईं। मेले में पहुंचे युवाओं ने आवेदन शुल्क और चयन के बाद एक माह के प्रशिक्षण के लिए निर्धारित शुल्क पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई। उनका कहना है कि प्रशिक्षण अवधि में वेतन भी नहीं मिलेगा, ऐसे में शुल्क लेना समझ से परे है। बंतरा निवासी गोलू यादव ने बताया कि आवेदन के समय 350 रुपये लिए जा रहे हैं। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों से प्रशिक्षण के लिए 10,900 रुपये जमा करने को कहा जा रहा है। उनका कहना है कि रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना आसान नहीं है। शेखपुर निवासी प्रदीप कुशवाहा ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों का एक माह का प्रशिक्षण जौनपुर के सैनिक गिरजा शंकर महाविद्यालय, सरौनी (केराकत) में कराया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान रहने और भोजन की व्यवस्था निशुल्क बताए जाने के साथ यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में कोई वेतन नहीं मिलेगा। ऐसे में प्रशिक्षण शुल्क वसूलने पर युवाओं ने सवाल खड़े किए हैं।