गाजीपुर के जमानिया स्टेशन बाजार में शनिवार की दोपहर दिनदहाड़े चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए ताला काटकर घर में रखा करीब डेढ़ लाख रुपये नगदी और सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन में जुट गई। पीड़ित मुन्ना और उनकी पत्नी लालसा देवी ने बताया कि घटना के समय वह पड़ोस में गई थी। जबकि मुन्ना स्टेशन बाजार में पेंट करने के लिए गए थे और घर पर ताला बंद था। दोपहर करीब 12.30 से 1.30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने सामान रखे घर का ताला तोड़ कर घर में प्रवेश कर गए। चोरों ने कमरों में रखा बक्सा और अटैची को तोड़कर सारा सामान तितर-बितर कर दिया और उसमें शादी के लिए रखा डेढ़ लाख रुपये नगदी सहित शादी के सारे गहने समेट कर भाग गए। घर लौटने पर जब परिजनों ने ताला टूटा और सामान बिखरा देखा, तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है। पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है।