गाजीपुर जिले के जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार शाम विकासखंड कासिमाबाद की ग्राम पंचायत सिदउत में आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इससे पूर्व उन्होंने ब्लॉक मुख्यालय पर शहीद स्मारक का उद्घाटन किया और वृक्षारोपण किया। इसके बाद स्वयं सहायता समूहों की समीक्षा बैठक में भी भाग लिया। ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले अन्नपूर्णा भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा परिसर में पौधरोपण किया। चौपाल में ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति, जले ट्रांसफार्मर, सड़क निर्माण, शौचालय और हैंडपंप संबंधी समस्याएं उठाईं। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत निगम के अधिकारियों को ट्रांसफार्मर बदलने और विद्युत आपूर्ति में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही गांव में विशेष शिविर लगाकर नए बिजली कनेक्शन देने और अवैध कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।