गाजीपुर जिले में ऑडिटोरियम परिसर में आयोजित वृहद रोजगार मेला का आयोजन मंगलवार को हुआ, जिसमें 60 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेला में करीब 5000 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से विभिन्न पदों पर कुल 1614 अभ्यर्थियों का अन्तिम राउंड हेतु चयन किया गया, जबकि शेष 3386 युवा मायूस होकर लौट गए। इसके पूर्व मेला का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह तथा विशिष्ट अतिथि नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल द्वारा फीता काटकर किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि यह पहल युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विशिष्ट अतिथि सरिता अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की इस पहल से विगत नौ वर्षो में रोजगार के नये अवसर प्रदान हुए है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज आदि उपस्थित रहे।