फिरोजाबाद के खैरगढ़ कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को स्तनपान के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बालरोग विशेषज्ञ डॉ. एलके गुप्ता ने बताया कि नवजात शिशु के लिए मां का दूध अमूल्य होता है। इसमें न केवल सभी आवश्यक पोषक तत्व मौजूद होते हैं, बल्कि यह शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाता है, जिससे वह संक्रमण से सुरक्षित रहता है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. कीर्ति गुप्ता ने कहा कि स्तनपान से केवल शिशु को ही नहीं, बल्कि मां को भी लाभ होता है। इससे महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर की संभावना कम हो जाती है और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है। इस अवसर पर डॉ. अविनाश पालीवाल, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. नितिन तिवारी शामिल रहे।