उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन शिक्षिका कमलेश यादव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। शिक्षिका की हत्या उसकी सहेली सीमा यादव ने कराई थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी तीन फरार साथियों पर एसएसपी ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। 50 लाख रुपये का कर्ज होने पर सहेली ने ही शिक्षिका को अपने साथियों के साथ मिलकर मौत के घाट उतरवा दिया था। एसपी ग्रामीण अखिलेश भदौरिया ने बताया कि 26 अगस्त को प्राइमरी स्कूल की शिक्षिका कमलेश का शव थाना नसीरपुर क्षेत्र के पुनन्छा रोड पर पड़ा मिला था। जांच पड़ताल में बिल्लू उर्फ सागर पुत्र रामप्रकाश निवासी ग्राम नगला गोकुल थाना बसई मोहम्मदपुर फिरोजाबाद का नाम सामने आया। रविवार को पुलिस ने आरोपी को नौरंगी घाट बटेश्वर रोड़ से घटना में प्रयुक्त आई-10 कार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने पूरी घटना बयां कर दी।