फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर जिले में आदतन अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में, एक आदतन अपराधी को तीन माह की अवधि के लिए जिला बदर (जनपद की सीमा से बाहर) किया गया है। एसएसपी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह कार्रवाई सचिन उर्फ सीटू निवासी नगला कद्दू भारौल, थाना अरांव, फिरोजाबाद के खिलाफ की गई है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त सचिन उर्फ सीटू एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। थाना अरांव पुलिस टीम द्वारा विधिवत नोटिस तामील कराकर अभियुक्त को 3 माह के लिए जनपदीय सीमा बॉर्डर से बाहर छोड़ा गया है। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने स्पष्ट किया है कि जिला बदर अवधि के दौरान यदि यह अपराधी जनपद फिरोजाबाद की सीमा में पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।