टूंडला। पीईटी परीक्षा के अंतिम दिन रविवार को रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों का सैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ के चलते नियमित ट्रेनों में सफर करने वाले आरक्षित यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात यह रहे कि आरक्षण कराने के बावजूद यात्रियों को अपनी सीट तक पहुंचने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। रेल प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रेन चलाए जाने के बावजूद नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम नहीं हुआ। रविवार को परीक्षा देकर घर लौटने वाले परीक्षार्थियों की भीड़ रेलवे स्टेशन पर उमड़ी रही। परीक्षार्थी मनचाही ट्रेनों में सवार होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होते नजर आए। इससे नियमित ट्रेनों में सफर कर रहे रेलयात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। आरक्षित कोचों में भी भीड़ के कारण यात्रियों को अपने निर्धारित स्थान तक पहुंचने में दिक्कत हुई। रेलयात्रियों का कहना था कि आरक्षण कराने के बाद भी उन्हें यात्रा के दौरान सहूलियत नहीं मिल पा रही है। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के चलते सीट तक पहुंचना तक मुश्किल हो गया। शासन को दिवाली व छठ पूजा के आसपास पीईटी परीक्षाएं नहीं करानी चाहिए थी। इस दौरान ट्रेनों में वैसे ही भीड़ होती है। परीक्षार्थिंयों की भीड़ के चलते आरक्षण कराकर यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ना भी मुश्किल हो गया। दिनेश कुमार-रेलयात्री त्योहारों पर पीईटी परीक्षाएं कराए जाने से यात्रियों को ही नहीं, परीक्षार्थियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीड़ को देखते हुए तमाम परीक्षार्थियों ने परीक्षाएं छोड़ दी है। विपिन कुमार-परीक्षाथी नियमित ट्रेनों में सफर करने वाले रेलयात्रियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए रेलवे ने परीक्षा विशेष ट्रेनें संचालित की। फिर भी परीक्षार्थी नियमित ट्रेनों में चढ़े, इस बीच जीआरपी व आरपीएफ को तैनात किया गया, ताकि आरक्षित कोचों में परीक्षार्थी जबरन घुसने का प्रयास न करें। अमित आनंद डिप्टी सीटीएम, टूंडला