एटा के शांति नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्राओं को विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई। अपराधियों से डरने के बजाय उनके खिलाफ विधिक अधिकारों के तहत कार्रवाई कराने के लिए जागरूक किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मध्यस्थ अधिवक्ता योगेश कुमार सक्सेना ने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आप अपराजिता हैं। अगर आपको रास्ते में कोई छेड़ता है तो निडर होकर उसका सामना करें। इस मामले की जानकारी अपने घर वालों को दें जिससे कानूनी रूप से ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई कराई जा सके। इसके लिए आपको कानून में तमाम अधिकार दिए गए हैं। पैरा वालंटियर डॉ. रिचा यादव ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में छात्राओं को जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को 15100, 108, 112, 1930 आदि हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद छात्राओं से दी गई जानकारी से सवाल जवाब किए गए। सही जवाब देने वाली छात्राओं को अमर उजाला की ओर से पुस्तक के रूप में पुरस्कार भेंट किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य नीतू सिंह राघव, डॉ. मंजू यादव, भावना यादव, आशीष यादव आदि मौजूद रहे।