एटा के जलेसर में यूजीसी के नए कानून के विरोध एवं आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर गुरुवार को सवर्ण समाज ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सवर्ण समाज के आह्वान पर निधौली चौराहा से महाराणा प्रताप चौक तक विरोध यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और नारों के साथ लोगों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। यात्रा शुरू होने से पहले ही निधौली चौराहा पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होने लगे। इसके बाद निर्धारित मार्ग से विरोध यात्रा शुरू हुई। यात्रा में शामिल लोग यूजीसी के नए कानून को वापस लेने तथा आरक्षण व्यवस्था को आर्थिक आधार पर लागू करने की मांग कर रहे थे। विरोध यात्रा जब एमजीएम इंटर कॉलेज जलेसर के पास पहुंची तो प्रशासन द्वारा यात्रा को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। प्रशासन द्वारा रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए। माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखते हुए सवर्ण समाज के लोगों ने मौके पर ही हनुमान चालीसा का पाठ किया। हनुमान चालीसा के पाठ के बाद प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की अनुमति मिलने पर यात्रा को जारी रखा। इसके बाद विरोध यात्रा महाराणा प्रताप चौक पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि आरक्षण का लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया।