एटा के जलेसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरित होकर विधायक संजीव दिवाकर ने शनिवार को ई-रिक्शा में बैठकर नगर में पर्यावरण संरक्षण और पेट्रोल-डीजल बचाने का संदेश दिया। विधायक संजीव दिवाकर शनिवार को पथवारी रोड स्थित अपने आवास से ई-रिक्शा में सवार होकर निकले। मंडी जवाहरगंज, महावीरगंज, निधौलीकलां चौराहा, बड़ाबाजार, शेरगंज, कटरा चुंगी, नई तहसील, आगरा चौराहा, कला बाजार से होते हुए नाला बाजार तक ई-रिक्शा से सफर किया। ई-रिक्शा से नगर का भ्रमण किए जाने के समय उनके साथ भाजपा नेता लोकेंद्र पाठक भी साथ थे। विधायक ने बताया कि पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ रहे दाम और पर्यावरण को हो रहे नुकसान को बचाने की पहल है। उन्होंने कहा पर्यावरण को संरक्षित रखने को पेट्रोल-डीजल वाहन एवं अन्य उपकरण की बजाए इलेक्ट्रिक वाहन का उपयोग करना होगा, इससे धन की बचत होगी।