एटा के जसरथपुर में महिला से कुंडल लूटने और जैथरा में वृद्धा से बैग लूटने का प्रयास करने के मामले में शुक्रवार की देर रात पुलिस ने दो बदमाशों को दबोच लिया। धरौली रोड पर मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। उनके पास से तमंचे, कारतूस बरामद किए गए हैं।छह मई को जैथरा के मोहल्ला नेहरू नगर में बाइक सवार दो युवकों ने वृद्धा अनीता देवी से बैग छीनने का प्रयास किया था। वह रात को 11 बजे बेटे को आगरा से दवा दिलवाकर लौट रही थीं। बेटा थोड़ा आगे निकल गया जबकि पीछे पैदल आ रही थीं। नेहरू नगर में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। एक बदमाश बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा जबकि दूसरे ने उनसे बैग को छीनने का प्रयास किया। वह बदमाश से भिड़ गईं। लुटेरे ने उनके साथ मारपीट की। जद्दोजहद में वह नाली में भी गिर गईं, लेकिन उन्होंने बैग नहीं छोड़ा। उनका हौसला देख बदमाशों के पैर उखड़ गए और वह भाग गए। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। वीडियो वायरल हो गया। इसके अलावा बदमाशों ने जरसथपुर की महिला से भी कुंडल लूटे थे। एसएसपी डाॅ. इलामारन जी ने तीन टीमें खुलासे के लिए गठित की थीं। सीओ राजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात को करीब 11.45 बजे जैथरा तथा थाना जसरथपुर थाने पुलिस गांव धरौली रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर दो युवक आते दिखे। पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक सवार भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा बाइक सवारों का पीछा किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। उसका साथी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। घायल बदमाश ने अपना नाम अरमान और उसके साथी ने शकील निवासीगण गांव देवराई थाना कुरावली जनपद मैनपुरी बताया है। बदमाशों ने जैथरा की महिला से लूट का प्रयास और जसरथपुर में कुंडल लूटने की घटना को स्वीकार किया है। उनके पास से दो तमंचा, कारतूस, 3500 रुपये, एक बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष जैथरा रितेश ठाकुर, जसरथपुर के विजय सिंह, प्रभारी स्वाट टीम श्रवण कुमार निगम समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।