एटा के राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के पहरा पुल के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान रामप्रकाश पुत्र मकरंद सिंह, निवासी ग्राम गेवर असदुल्लापुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रामप्रकाश दरियावगंज से एक बारात में शामिल होकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। तभी पहरा पुल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत चिंताजनक होने के चलते चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना की पहले कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन अब मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।