चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र के हिगुतरगढ़ गांव में जमीनी विवाद को लेकर मनबढ़ों ने घर में घुसकर एक महिला पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि चार से पांच की संख्या में पहुंचे आरोपियों ने महिला को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। घटना उस समय हुई जब महिला घर के आंगन में टहल रही थी। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। घर में महिला को अकेला पाकर हमलावरों ने संजू सिंह को लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता ने घटना की तहरीर थाने में देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।