अलीनगर के पंचफेड़वा स्थित एक स्कूल के ऑडिटोरियम में शुक्रवार को हाइब्रिड मोड में साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन डीएम चंद्रमोहन गर्ग और एसपी आदित्य लांग्हे की संयुक्त अध्यक्षता में हुआ। कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य साइबर धोखाधड़ी और बढ़ते ऑनलाइन अपराधों से विद्यार्थियों, आम नागरिकों तथा पुलिसकर्मियों को सतर्क करना और सुरक्षा उपायों से अवगत कराना था। कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक, साइबर क्राइम उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन, पुलिस उप-महानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र तथा पुलिस उप-महानिरीक्षक साइबर क्राइम ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया और सीधे संवाद स्थापित किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए छात्र-छात्राओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा जागरूकता सबसे जरूरी है। किसी संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें। पुलिस के प्रयास तभी सफल होंगे जब नागरिक भी सतर्क रहेंगे। सर्तकता ही साइबर अपराध रोकने का सबसे बड़ा हथियार है।