चंदौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. प्रेमप्रकाश उपाध्याय का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। जिसमें वे कमर में लाल दुपट्टा बांधकर 'सड़िया पर फेरब नजरिया त सड़िया फिर से पहिरे के पर जाई....' भोजपुरी गोने पर ठुमके लगा रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कमेंट की बाढ़ सी आ गई। मामला संज्ञान में आने के बाद सीएमओ डॉ.वाईके राय ने जांच कमेटी गठित कर दी है। वायरल वीडियो मंगलवार यानि 8 जुलाई का बताया जा रहा है। मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सदर की एएनम का विदाई समारोह था। जिसमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. प्रेमप्रकाश उपाध्याय खुद को नहीं रोक पाए और सभी चिकित्सकों, नर्स आदि के सामने भोजपुरी गाने पर ठुमके लगाए। उन्होंने कई अशोभनीय इशारे भी गाने के दौरान किए। इस दौरान मौजूद महिला कर्मचारी प्रभारी चिकित्सक के क्रियाकलाप पर शरमाते हुए भी दिख रही हैं। एक सप्ताह पहले डीएम चंद्रमोहन गर्ग ने खराब व्यवस्था को देखते हुए चंदौली और चहनिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारियों को हटाने का भी निर्देश दिया था लेकिन चर्चा है कि सीएमओ के बेहद करीब होने के चलते चंदौली पीएचसी प्रभारी को नहीं हटाया गया। अब वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की खूब किरकिरी हो रही है। लोगों का कहना है कि पीएचसी प्रभारी सर्विस नियमावली के विरुद्ध आचरण कर रहे हैं। इस संदर्भ में सीएमओ डॉ. वाईके राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इसको लेकर जांच कमेटी बैठा दी गई है। जो भी दोषी होगा उसपर कार्रवाई की जाएगी।