ठंड और घने कोहरे के चलते ट्रेनों की लेट-लतीफी थमने का नाम नहीं ले रही है। हालात यह रहे कि रात साढ़े 12 बजे पहुंचने वाली भुवनेश्वर–दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस दिन में 11 बजे तक स्टेशन नहीं पहुंच सकी। ट्रेन करीब 12 घंटे की देरी से आई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। तेजस राजधानी के अलावा अप और डाउन की कई अन्य ट्रेनें भी घंटों विलंब से पहुंचीं। लंबा इंतजार, ठंड और कोहरे के बीच प्लेटफार्म पर बैठे यात्रियों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। कई यात्रियों ने बताया कि समय पर सूचना न मिलने से उनकी आगे की यात्रा और जरूरी काम भी प्रभावित हुए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाने से ट्रेनों की गति नियंत्रित करनी पड़ रही है, जिससे लगातार देरी हो रही है। मौसम का यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में भी ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। लगातार हो रही देरी से यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है और लोग रेलवे से बेहतर सूचना व्यवस्था और सुविधाओं की मांग कर रहे हैं।