सैयदराजा क्षेत्र में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शिक्षक प्रशिक्षण के दौरान दिए गए भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। वीडियो में एक शिक्षक राजमा की दाल दिखाते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि इसमें “सिर्फ पानी ही पानी” है और ऐसा लग रहा है जैसे पानी में राजमा डाल दिया गया हो। सैयदराजा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में 20 से 22 अप्रैल तक जनगणना के लिए शिक्षकों के दूसरे चरण का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। इस प्रशिक्षण में जनपद के कुल 816 शिक्षक शामिल हुए थे। वायरल वीडियो प्रशिक्षण के पहले दिन का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षकों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने भोजन की खराब गुणवत्ता को लेकर हंगामा भी किया। शिक्षकों का आरोप था कि प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में इस तरह का घटिया खाना परोसा जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले पर प्रशिक्षण के संयोजक व तहसीलदार चंद्रगुप्त सागर ने बताया कि पहले दिन जिस स्थान से भोजन मंगाया गया था, उसकी शिकायत मिलने के बाद तत्काल व्यवस्था में बदलाव किया गया। उन्होंने कहा कि दूसरे दिन से दूसरी जगह से गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया गया, जिससे समस्या का समाधान कर लिया गया।