धानापुर क्षेत्र के कुसुम्ही गांव में बुधवार की रात करीब 8 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक भीषण आग लग गई। इस आग में गांव निवासी श्री प्रकाश बिंद (पुत्र बालरूप बिंद) का भारी नुकसान हो गया। बताया जा रहा है कि खेत से काटकर रखी गई लगभग चार बीघा गेहूं की फसल, जिसमें करीब 40 कुंतल गेहूं, 2 कुंतल सरसों, कटा हुआ चारा और थ्रेसिंग मशीन पूरी तरह से जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक सब कुछ खाक हो चुका था।ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक नुकसान हो चुका था। इस घटना से पीड़ित किसान के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसान को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वह इस भारी नुकसान से उबर सके।