अलीनगर थाना क्षेत्र के हिन्दवारी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक पक्ष के लोगों ने रविवार की देर शाम दूसरे पक्ष के पिता-पुत्र को मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पुत्र की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।पीड़िता गीता देवी ने बताया कि रविवार की शाम करीब पांच बजे उसकी बछिया गांव के संपर्क मार्ग के किनारे बधी हुई थी। इसी बीच गांव का युवक अपनी कार से जा रहा था। उसकी कार पर बछिया ने लात मार दी। इसे लेकर विवाद हो गया। उस समय आसपास के लोगों ने समझाकर पर मामला शांत कर दिया, लेकिन देर शाम आरोपी अपने साथियों के साथ लाठी डंडा लेकर गीता देवी के दरवाजे पर पहुंचे। जहां पुरानी रंजिश को लेकर उसके पति सुरेश और पुत्र गोरख को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता ने घटना की जानकारी 112 नंबर पर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां गोरख की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। यहां उसका इलाज चल रहा है। अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पांच लोगाें पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।