करौती गांव में कर्मनाशा नदी पर स्थापित लिफ्ट कैनाल को संचालित करने में विभागीय लापरवाही किसानों पर भारी पड़ रही है। लिफ्ट कैनाल में लगी 40 एचपी क्षमता की मोटर के संचालन के लिए मात्र 25 केवी का ट्रांसफार्मर लगाए जाने से मोटर को पर्याप्त बिजली नहीं पा रही है। नतीजतन मोटर कभी-कभार ही चल पा रही है और माइनर में नियमित रूप से पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे धान की फसल की रोपाई और सिंचाई प्रभावित होने से किसानों में नाराजगी है। नाराज किसानों ने शनिवार को अजय पांडेय के नेतृत्व में लिफ्ट कैनाल पर एकत्र होकर लघु सिंचाई विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। चेताया कि अगर शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे।