चंदौली। जिले की एकमात्र नगर पालिका पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर में बारिश के पहले सड़कों की खोदाई कर दिए जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। शनिवार को पीडीडीयू नगर निवासी अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने इसी मुद्दे को लेकर एडीएम राकेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से जल निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। संतोष कुमार पाठक ने बताया कि पीडीडीयू नगर की सडकों और गलियों में पहले से जल निगम की पाइप पड़ी हुई थी। उसमें कभी पानी आया ही नहीं । इस बार बरसात से ठीक पहले एक बार पहले जल निगम की ओर से नगर के अधिकतर सड़कों और गलियों को खोद दिया गया। इसमें पाइप डाली गई। लोगों के पूछने पर कहा गया कि पहले वाला पानी पाइप प्रेशर से पानी नहीं देगा, इसलिए दूसरा पाइप लगाया जा रहा है। बरसात के ठीक पहले गलियों और सड़कों की खोदाई कर देने से गलियों और सड़कों में कीचड़ और फिसलन हो गयी है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।