चंदौली में खरीफ सीजन में धान रोपाई के बीच किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे लेकर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मासिक किसान दिवस की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि सिंचाई, खाद और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में प्रगतिशील किसानों ने नहरों के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचने, हेड पर पानी रोके जाने, बंधियों पर अतिक्रमण, ग्रामीण क्षेत्रों में लो-वोल्टेज, उर्वरकों की उपलब्धता, विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण के उचित मुआवजे तथा गंदा नाला की सफाई जैसी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं।