दुद्धी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने जा रहे जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। गुरमुरा के समीप सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को देखकर दोनों अधिकारियों ने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और उसके उपचार की व्यवस्था कराई। गुरमुरा के पास सड़क हादसे में एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा था। मौके से गुजर रहे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने वाहन रुकवाकर घायल का हालचाल जाना। इसके बाद बिना देर किए अपने स्कॉर्ट वाहन से उसे निकटवर्ती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, ताकि समय रहते इलाज शुरू हो सके। दोनों अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायल को आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। डीएम और एसपी की त्वरित पहल से घायल को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों अधिकारियों की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना की।