विकासखंड चकिया के शिकारगंज गांव में मंगलवार देर शाम तक जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को नई सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ दिलाना रहा। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी के साथ खंड विकास अधिकारी विकास सिंह, राजस्व निरीक्षक, एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधान, आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों की मौजूदगी के चलते कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। चौपाल के दौरान कुछ पात्र परिवारों ने राशन कार्ड न होने की समस्या रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल आपूर्ति विभाग को राशन कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। वहीं एक विधवा महिला ने पेंशन की समस्या बताई, जिस पर संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रक्रिया पूरी कर पेंशन स्वीकृत करने का आदेश दिया गया। इसके अलावा जिलाधिकारी ने गांव में कराए गए विकास कार्यों का सत्यापन किया और आगामी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची पढ़कर उनकी पात्रता की जांच भी कराई। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने गांव का भ्रमण कर कच्चे मकान, शौचालय, चकरोड सहित अन्य योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ समय से पात्र लोगों तक पहुंच सके।