चंदौली जिले के ताराजीवनपुर क्षेत्र के महादेवपुर गांव के खलिहान में रखा सात बीघा धान का बोझ मंगलवार को आग की चपेट में आकर जल गया। जानकारी के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इससे खलिहान में रखे धान के अन्य बोझ जलने से बच गए। गांव निवासी हंकार यादव ने गांव के ही एक व्यक्ति से सात बीघा खेत बटाई पर लेकर खेती की थी। धान की कटाई के बाद मड़ाई के लिए उन्होंने गांव स्थित तालाब के पास खलिहान में धान का बोझ रख दिया था। सोमवार की रात करीब एक बजे धान के बोझ में आग लग गई। आग की चपेट में आकर बगल में रखा 15 बिस्वा खेत का रमाशंकर पटेल का पुआल भी जल गया। ग्रामीणों की आंख खुली तो आग की लपटें देख तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया। ग्राम प्रधान पप्पू यादव ने प्रशासन से गरीब किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है।