चंदौली जिले के सैयदराजा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह प्रार्थना सभा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तीन माह से वेतन न मिलने से क्षुब्ध एक परिचारक ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास कर दिया। मौके पर मौजूद शिक्षकों और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और आग लगाने से रोक दिया। उनकी सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। नेशनल इंटर कॉलेज में कार्यरत दो बाबू और दो परिचारकों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है। वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण कर्मचारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इसी से परेशान परिचारक संतोष कुमार मिश्रा बुधवार सुबह प्रार्थना सभा के दौरान पेट्रोल से भरा गैलन लेकर विद्यालय पहुंचे। उन्होंने अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगाने का प्रयास किया। घटना को देखते ही विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और अन्य लोग दौड़ पड़े। सभी ने मिलकर संतोष कुमार मिश्रा को काबू में लिया और किसी तरह उन्हें आग लगाने से रोक दिया। यदि कुछ सेकंड की भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।