बदायूं के वजीरगंज ब्लॉक क्षेत्र के गांव खुर्रमपुर भमोरी में छुट्टा गोवंशों की समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने बुधवार को गोवंशों को गांव के जनता आदर्श पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बंद कर दिया। गोवंशों से फसलों को हो रहे नुकसान और लगातार बढ़ती परेशानी के चलते ग्रामीणों ने यह कदम उठाया। विद्यालय में गोवंशों के बंद कर देने पर पठन-पाठन ठप रहा। पुलिस ने पहुंचकर विद्यालय से गोवंशों को बाहर निकाला। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान की ओर से इस समस्या के समाधान को लेकर कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं और न ही प्रशासन की ओर से इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। किसानों को छुट्टा पशुओं से फसल की रखवाली करने के लिए पूरी रात खेतों में बितानी पड़ रही है। ग्रामीणों को आरोप है कि कई बार कहने के बाद भी प्रधान की ओर से सहयोग नहीं किया गया। इससे परेशान होकर बुधवार को ग्रामीणों ने मिलकर गोवंशों को विद्यालय परिसर में बद कर दिया । ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती तब तक गोवंशों को विद्यालय में बंद रखा जाएगा। थाना पुलिस ने पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया तब विद्यालय से गोवंशों को निकाला गया। एडीओ पंचायत शशिकांत शर्मा ने बताया कि गोवंशों को बिसौली नन्दी गोशाला में सुरक्षित करने को कहा गया है। जिला पशु चिकित्साधिकारी डॉ. समदर्शी सरोज ने कहा कि मामला जानकारी में आने के बाद क्षेत्रीय पशु चिकित्सा अधिकारी को गोवंशों को पास की गोशाला में भेजने के निर्देश दिए हैं।