विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा लागू किए गए नए नियमों के विरोध में बुधवार को बदायूं के बिल्सी कस्बे में आक्रोश देखने को मिला। विभिन्न संगठनों व नागरिकों ने कस्बे के प्रमुख मार्गों से जुलूस निकालते हुए नारेबाजी की और नए नियमों को शिक्षा विरोधी बताते हुए विरोध दर्ज कराया। जुलूस तहसील परिसर पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया, जहां प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम प्रेमपाल सिंह को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए यूजीसी के नए नियमों में तत्काल संशोधन की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नए नियमों से न केवल छात्रों का भविष्य प्रभावित होगा, बल्कि शिक्षण संस्थानों की स्वायत्तता और गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। प्रदर्शन में कई भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल रहे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि नियमों में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने ज्ञापन प्राप्त कर उसे शासन स्तर तक प्रेषित करने का आश्वासन दिया।