बदायूं के दातागंज इलाके में एक सांड़ किसान के मकान की छत पर चढ़ गया, जो तीन दिन से छत पर ही है। उसे उतारने के प्रयास नाकाम रहे। सोमवार को पशु पालन विभाग और वन विभाग के कर्मचारी भी पहुंचे, लेकिन शाम तक सांड़ को छत से नीचे नहीं उतारा जा सका। गांव सुखोरा में शनिवार को विक्रम के मकान का जीना खुला होने के कारण एक सांड़ छत पर चढ़ गया। कुछ देर बाद लोगों ने छत पर सांड़ देखा तो ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने छत पर चढ़कर उसे चारा आदि दिया और नीचे उतारने का प्रयास किया लेकिन सांड़ नीचे नहीं उतरा। ग्रामीण असफल हो गए तो सोमवार को पशु पालन विभाग और वन विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर उसे उतारने का प्रयास किया। सांड़ को बेहोशी का इंजेक्शन भी दिया गया लेकिन सांड बेहोश नहीं हुआ। सांड़ को उतारने का प्रयास जारी है। देर शाम तक सांड़ को उतारा नहीं जा सका है। सीवीओ डॉ. पूरन चंद ने बताया कि सांड़ को सुरक्षित उतारने के लिए टीम की ओर प्रयास किए जा रहे हैं।