बिजनौर के ब्लाक जलीलपुर क्षेत्र में गांव मीरापुर सीकरी निवासी किसान सरबजिंदर सिंह ने 40 बीघा धान की फसल पर ट्रैक्टर चलाकर जुताई कर दी। किसान ने कृषि फसल की दवाई बनाने वाली कंपनी पर गलत दवाई देने का आरोप लगाते हुए 8 लाख रुपये क्षतिपूर्ति का नोटिस दिया हैं। किसान सरबजिंदर सिंह ने बताया उन्होंने 40 बीघा खेत में बासमती धान की रोपाई की थी। फसल की बढ़वार बहुत अच्छी थी। गांव खानपुर खादर में स्थित एक निजी बीज भंडार से अच्छी पैदावार व बीमारी से बचाव के लिए कृषि दवाई लेकर छिड़काव कराया। दवाई छिड़काव के बाद खेत में खड़ी स्वस्थ हरी भरी फसल सूखने लगी। 40 बीघा खेत में धान की पैदावार नहीं हुई। किसान ने एक वकील के द्वारा कंपनी को आठ लाख रुपये क्षतिपूर्ति का नोटिस देकर खेत में खड़ी फसल पर ट्रैक्टर चला दिया।