बिजनौर वन प्रभाग क्षेत्र में गुलदार के लगातार हमलों से किसानों में भारी रोष है। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं ने डीएफओ कार्यालय पर अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए पशु बांध दिए। किसानों का कहना है कि खेतों और गांवों में गुलदार लगातार हमला कर रहे हैं, जिससे अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद वन विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। किसानों ने आरोप लगाया कि गुलदारों को पकड़ने के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जा रही है। धरना प्रदर्शन का यह सिलसिला पांचवें दिन भी जारी रहा। भाकियू (अ) के प्रांतीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह, ठाकुर गजेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष चौ. कुलबीर सिंह, भोपाल राठी और सुखविंदर सिंह गोल्डी के नेतृत्व में किसानों ने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।