सावन में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को अफजलगढ़ क्षेत्र के भूतपुरी में डीएम जसमीत कौर और एसपी अभिषेक झा ने कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को यात्रा के सुचारू संचालन से जुड़ी कई अहम जिम्मेदारियां सौंपीं। डीएम ने निर्देश दिया कि मार्गों के किनारे खड़े झाड़-झंखाड़ की कटाई कर सफाई कराई जाए, चौराहों और अंधेरे वाले स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और पूरे रूट पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने वन्य जीवों की आशंका वाले स्थानों पर चेतावनी संबंधी फ्लैक्सी लगवाने और मार्ग में गड्ढों की मरम्मत तुरंत कराने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर संचालकों से भी संवाद की बात कही ताकि समन्वय बेहतर हो सके। वहीं, भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती और ट्रैफिक रूट की निगरानी के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांवड़ मार्गों पर स्थित सीएचसी और पीएचसी पर 24 घंटे आपात चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। इसके लिए डॉक्टरों की शिफ्टवार तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सड़कों पर घूम रहे संरक्षित पशुओं को हटवाने की जिम्मेदारी ब्लॉक अधिकारियों को दी गई है। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने पूरी टीम को इस यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जुट जाने को कहा।