गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के चकपडौना स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कोल्हापुर गांव निवासी विजय शर्मा (35) पुत्र स्व. श्यामधर शर्मा उमा गैस एजेंसी में वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे। वे रात में चकपडौना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग की उत्तरी लेन से दक्षिणी लेन की ओर पैदल सड़क पार कर रहे थे। उसी दौरान प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल विजय शर्मा को स्थानीय लोगों ने तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जांच शुरू कर दी है। मृतक विजय शर्मा दो भाइयों में छोटे थे। उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी वही संभालते थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।