नगर के हरियांव स्थित प्रेमबहादुर सिंह भदोही पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा। भारत 25 गोल्ड के साथ प्रथम स्थान पर रहा। वहीं 9 गोल्ड के साथ नेपाल दूसरे स्थान और 7 गोल्ड के साथ भूटान के खिलाड़ी तीसरे स्थान पर रहे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि ने बिहार के ग्राम्य विकास मंत्री श्रवण कुमार ने विजेताओं को मेडल बांटे। कहा कि इस तरह का आयोजन वास्तव में भदोही की मिट्टी के लिए गौरव की बात है। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी और पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली ने भी विजेताओं को मेडल बांटे। कैबिनेट मंत्री ने खिलाडियों को मेडल वितरित करते हुए कहा कि जो लोग हारे हों निराश होने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि जो नियमित अभ्यास करें और अगली बार दोगुने उत्साह के साथ कराटे एरीना में उतरें। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने कहा कि कराटे को आत्मरक्षा में इस्तेमाल करें। चाहे बालक हों या बालिकाएं सभी के लिए आत्मरक्षा के गुर सीखने चाहिए। सोहन लाल श्रीमाली ने कहा कि राज्य सरकार खिलाडियों के प्रोत्साहन के लिए कई योजनाएं चला रही है। आप एक दिन जरूर कामयाब होकर दुनियां के सामने आएंगे। संयोजक गोजुरियो कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष डीएम सिंह गहरवार ने बताया कि सर्वाधिक 49 मेडल के साथ भारत प्रथम स्थान पर रहा। दूसरे नंबर पर नेपाल 28 मेडल, तीसरे नंबर पर भुटान 22 मेडल, चौथे नंबर पर श्रीलंका 9 मेडल, चौथे नंबर पर मलेशिया 7 मेडल और कजाकिस्तान 3 मेडल के साथ पांचवें नंबर पर रहा। उन्होंने बताया कि इस सफल कार्यक्रम से व्यापक रूप से उत्साहवर्धन हुआ है और हम अगले कुछ वर्षों में भदोही की धरती पर विश्वकप कराटे चैंपियनशिप के आयोजन को लेकर गंभीर हुए हैं।