ज्ञानपुर जिले में आरओ और एआरओ की परीक्षा रविवार को 20 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हो गई। भावी समीक्षा अधिकारियों को जीएस और गणित के प्रश्नों ने खूब उलझाया। गणित के सवालों को हल करने में अभ्यर्थियों को समय लगा। जिससे कम समय मिलने का उनको मलाल भी रहा। परीक्षा देने के बाद कुछ अभ्यर्थी खुश दिखे तो अधिकतर के चेहरे मायूस रहे। परीक्षा में नौ हजार 384 अभ्यर्थियों में चार हजार 103 यानि 43 फीसदी उपस्थित हुए और पांच हजार 281 अनुपस्थित रहे। डीएम शैलेश कुमार सिंह अन्य मजिस्ट्रेट केंद्रो पर भ्रमण करते रहे। जिले में 20 केंद्रों पर समीक्षा अधिकारी (आरओ) और सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। पंजीकृत नौ हजार 384 में से केवल 4103 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज समेत अन्य केंद्रों पर सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर जुटने लगे। सभी को पहचान सत्यापन के बाद ही अंदर प्रवेश दिया गया। प्रत्येक परीक्षार्थी की बायोमेट्रिक पहचान और फेस रिकग्नीशन जांच के बाद कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई। मॉनिटरिंग सेल से सभी केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी की गई। जिला प्रशासन, पुलिस और आयोग के पर्यवेक्षक लगातार भ्रमणशील रहे। सेक्टर, और स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों पर मौजूद रहे। केंद्रों पर महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की अलग-अलग टीमें तैनात रहीं। चौराहों पर गाइडेंस के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए। फोटोस्टेट की दुकानें बंद रखी गईं। सुबह साढ़े नौ बे से शुरु परीक्षा साढ़े 12 बजे संपन्न हो गई। डीएम शैलेश कुमार, एएसपी शुभम अग्रवाल ने जंगीगंज, गोपीगंज, ज्ञानपुर समेत अन्य केंद्रो का निरीक्षण कर परीक्षा की व्यवस्था को देखा। डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो गई। 43 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।