बरेली के सुभाष नगर क्षेत्र में रामगंगा के समीप स्थित सेंट एंड्रू स्कूल ने फीस बकाया होने के चलते 12वीं कक्षा के तीन छात्रों के प्रवेश पत्र रोक लिए। बुधवार सुबह जब सीबीएसई 12वीं की परीक्षा शुरू हुई तो तीनों छात्र स्कूल प्रबंधन के चक्कर काटते रहे। फीस जमा न होने का हवाला देकर स्कूल प्रबंधन ने उन्हें एडमिट कार्ड देने से साफ इनकार कर दिया। इसके कारण ये छात्र फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा नहीं दे सके। मामले की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी ) के पदाधिकारी स्कूल पहुंच गए। प्रांत मंत्री आनंद कठेरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रिंसिपल कार्यालय में ताला जड़ दिया। कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।