बरेली में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत बृहस्पतिवार को नवाबगंज और फिर शहर के आईएमए हॉल में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने महिलाओं को आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया। नवाबगंज के एक लॉन में आयोजित महिला सम्मेलन कार्यक्रम में पहुंची डॉ. बबीता ने महिलाओं को समाज में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी को बढ़ावा देते हुए महिलाएं घर में स्वदेशी उत्पाद का प्रयोग करें। महिलाएं स्वयं से अपनी कला को विकसित करते हुए उत्पादों को घर में बनाए और आत्मनिर्भर बनें। डॉ बबीता ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता भी की। उन्होंने प्रदेश में महिला अपराध के घटने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह मैं नहीं कह रही, बल्कि आंकड़े कह रहे हैं। वहीं महिला समूहों की वजह से महिलाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ने की बात कही। एक वर्ष से नगर क्षेत्र के महिला समूह की योजना ठप पड़ने के सवाल पर बताया कि ये प्रक्रिया का भाग हो सकता, अन्यथा ऐसा नहीं है। महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।