आबकारी सत्र इस वित्तीय वर्ष 2024-25 के साथ ही 31 मार्च को खत्म हो रहा है। ऐसे में एक अप्रैल से शराब विक्रेताओं के टेंडर खत्म होंगे और कोई नया मालिक दुकानों को संभालेगा। ऐसे में दुकानों पर पहले से जमा स्टॉक को निकालने के लिए शराब की दुकानों पर डिस्काउंट चल रहा है। इसी वजह से लोगों पर शराब से ज्यादा छूट का नशा चढ़ रहा है। बुधवार को वर्दीधारी से लेकर प्रतिष्ठित लोग तक दुकानों पर लाइनों में लगे रहे। एकता नगर स्थित एक शराब की दुकान पर शाम चार बजे शराब खरीदने वालों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान एक दरोगा दुकान पर पहुंचा और लाइन को तोड़ते हुए आगे निकल गया। जबरन शराब की मांग की तो वहां पर मौजूद ग्राहक उससे भिड़ गए। वह लगातार कहता रहा कि स्टाफ से है, पहले उसे मिलेगी। आखिर में शराब की दुकान पर आधे पौने दाम देकर शराब की पेटी लेकर एसआई अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर रवाना हो गया।