सर्वार्थ सिद्धि योग, हस्त नक्षत्र में बृहस्पतिवार को गंगा दशहरा का मनाया गया। बरेली में रामगंगा के घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। उन्होंने आस्था की डुबकी लगाने के बाद पूजा-पाठ कर मां गंगा से सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। दान-पुण्य भी किया। स्नान का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा। रामगंगा के चौबारी घाट पर मेले जैसा नजारा दिखा। लोगों ने जगह-जगह प्याऊ लगाकर राहगीरों को शरबत पिलाया।