बरेली के शाहदाना रोड स्थित दरगाह खानकाहे वामिकिया निशातिया में तीन दिवसीय उर्स आले रसूल बुधवार को कुल की रस्म के साथ मुकम्मल हो गया। इसमें बड़ी तादाद में लोगों ने शिरकत कर अकीदत का इजहार किया। उर्स आले रसूल के कुल का कार्यक्रम सुबह कुरानख्वानी से शुरू हुआ। नातो मनकबत की महफिल के बाद तकरीर जलसे में उलमा ने हजरत वामिक मियां और निशात मियां की जिंदगी पर रोशनी डाली। साथ ही इस्लाम के अरकान के बारे में लोगों को बताया। यह कार्यक्रम सज्जादानशीन सैयद मोहम्मद मियां वामिकी जिलानी की सरपरस्ती में संपन्न हुआ। कुल की फातिहा के बाद नायाब सज्जादा मौलाना सैयद असलम मियां ने दुआएं खैर कीं। इसके बाद लंगर का आयोजन किया गया।