बरेली जिले में रामगंगा नदी के जलस्तर को प्रभावित कर रही नदियों में बैराज से मंगलवार को 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। फिलहाल, बीते 24 घंटे में जलस्तर पर कोई खास असर नहीं हुआ, लेकिन अधिकारी अगले 48 घंटे में जलस्तर बढ़ने का अनुमान जता रहे हैं। फतेहगंज पूर्वी कस्बे से दातागंज होते हुए बदायूं, मथुरा, आगरा को जाने वाले मार्ग पर मानपुर त्रलोक गांव के पास रामगंगा नदी में बाढ़ आने की वजह से सड़कों पर पानी आ गया है। इसके कारण इस मार्ग पर आवागमन बंद कर दिया गया। उधर, बहगुल नदी भी उफान पर बह रही है। कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं।