बड़ी बेटी के भांजे से प्रेम संबंध का पता चलने पर भांजे के माता-पिता ने रिश्ता करने से इंकार कर दिया। बेटी के पिता ने भांजे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही तो शुक्रवार की रात उसका पत्नी से झगड़ा हो गया। शनिवार की दोपहर बेटी की मां ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। उधर, झगड़े से क्षुब्ध बड़ी बेटी चारों बहनों को लेकर लापता हो गई। पांचाें बहनों को महाराष्ट्र की भुसावल पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर भटकता देख अपनी सुरक्षा में लिया है, अब उनको लेने बबेरू कोतवाली पुलिस रवाना हुई है। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह सूरत में मजदूरी करता है। 13 जून को वह सूरत से घर आया। उसकी 21 वर्षीय बड़ी बेटी का फतेहपुर निवासी सगे भांजे से तीन साल से प्रेम संबंध है। रिश्ते के लिए बहन (लड़के की मां) राजी नहीं हो रही है। 13 जून की रात उसने पत्नी से भांजे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही थी। पत्नी भांजे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तैयार नहीं हुई। इसको लेकर झगड़ा हो गया। इस पर वह खेत में बने मकान में सोने चला गया।