तीन साल के बच्चे की गुमशुदगी की जांच कर रही पुलिस अपहरणकर्ताओं तक पहुंच गई। पुलिस ने मासूम को सकुशल छुड़ा लिया। वारदात को अंजाम देने वाले पड़ोसी, उसके पुत्र और साथी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार देर शाम खुलासा करते हुए क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि मरका थाना क्षेत्र के कुमेढ़ा गांव निवासी जगजीवन वर्मा का तीन वर्षीय पुत्र विनायक 16 फरवरी को घर के सामने बने मंदिर के पास से लापता हो गया। मरका थाने में 17 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शक पर तालाब में भी जाल डलवाया था, लेकिन नहीं मिला। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की तो मामला अपहरण का निकला। मरका गांव के बलराम चौराहे से बुधवार की दोपहर गांव के रामधनी वर्मा, उसके पुत्र कमल वर्मा और गौरीताला गांव निवासी विजय करन यादव को ऑटो से जाते समय पकड़ लिया। ऑटो में विनायक भी था।