ट्यूबवेल टेक्निकल इम्प्लाइज एसोसिएशन (उप्र) के बैनर तले जनपद के कर्मचारियों ने दूसरे दिन बृहस्पतिवार को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी रखा। यह धरना खंड-2 कार्यालय परिसर में चल रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने अपनी मांगों को लेकर पहले भी विभागीय अधिकारियों से कई बार अनुरोध किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर उन्हें धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि अगर उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अन्य कर्मचारी संगठनों को भी आंदोलन में शामिल किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी। धरने में कई कर्मचारी और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अमर नारायण मिश्र ने की, जबकि संचालन राजकुमार राव (खंडीय सचिव) ने किया।