बलिया। विकासखंड हनुमानगंज के सागरपाली आंगनबाड़ी केंद्र पर एचडीएफसी बैंक की तरफ से कराए गए विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित एवं फीता काटकर किया। जिलाधिकारी ने दो बच्चों का अन्नप्राशन खीर खिलाकर कराया तथा दो गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार वितरित किया। कार्यक्रम में एचडीएफसी बैंक द्वारा जिले के 25 आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेकर उनके विकास एवं सुदृढ़ीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र गरीब परिवारों के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को सुपोषण उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत अहम है। कहा कि जिले के करीब 90 प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्र विद्यालय परिसरों में संचालित हो रहे हैं तथा जर्जर भवनों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण कराया जा रहा है।उन्होंने सागरपाली आंगनबाड़ी केंद्र पर 40 बच्चों के पंजीकरण के बावजूद कम उपस्थिति पर चिंता जताई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने केंद्र परिसर में शौचालय न होने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित बीडीओ को तत्काल शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम सदर को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में परिसर में बरात न ठहरने दी जाए। उन्होंने परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए। वहीं, परिसर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य ने दिव्यांग शौचालय की आवश्यकता बताई, जिस पर जिलाधिकारी ने बीडीओ को शीघ्र दिव्यांग शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए।