बांसडीह-मनियर मार्ग पर स्थित आंंबेडकर तिराहे पर नगर पंचायत की ओर से सुंदरीकरण के लिए खोदे गए गड्ढे अब राहगीरों के लिए बड़ी दुर्घटना का दावत दे रहे हैं। एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी इन गड्ढों को भरने या सुंदरीकरण का कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, नगर पंचायत ने आंबेडकर तिराहे के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत ये गड्ढे खोदे गए थे। हालांकि कार्य शुरू होने के बाद से ही यह रुका हुआ है, जिससे सड़क पर आवागमन करने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इन गड्ढों को जल्द भरा नहीं गया या सुंदरीकरण का कार्य पूरा नहीं किया गया, तो किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि यदि सुंदरीकरण का कार्य फिलहाल संभव नहीं है, तो कम से कम इन गड्ढों को बंद कर दिया जाए ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आंबेडकर संस्थान के लोगों की ओर से इसे रुकवा गया था। इतने दिन बाद भी कोई कारण नहीं बताया गया। शनिवार से कार्य शुरू कराया जाएगा।