बलिया के तेलमा जमालुद्दीनपुर गांव निवासी स्व. परमानंद यादव की चौथी पुण्यतिथि पर रविवार को दंगल (कुश्ती) का आयोजन किया गया। बैरिया विधायक जयप्रकाश यादव ने पहलवानों के बीच हाथ मिलवाकर शुरुआत कराई। बलिया, गाजीपुर, मऊ, गोरखपुर जनपद के पहलवानों के अलावा अन्य स्थानों से आए पहलवानों ने दांव आजमाया। मौसम खराब होने के बावजूद भी काफी संख्या में लोग कुश्ती दंगल देखने के लिए मौजूद रहे। शाहपुर के बिट्टू यादव ने टेकनपुरा के विशाल को पटका। सुरभी सिंह बलिया ने गाजीपुर की ब्यूटी सिंह को धूल चटाई। सबसे रोचक कुश्ती गोरखपुर के रमाशंकर पहलवान व बलिया राहुल के मध्य हुई जो बराबरी पर छूटी। मऊ के रवि ने बलिया के मनीष को आसमान के तारे दिखाए। शिवांगी मऊ ने सपना यादव गोरखपुर को पटखनी दी। बलिया के राजा यादव ने अयान मऊ को मात दी। अजीत बलिया ने सुनील गाजीपुर को कलाजंग दाव लगाकर अखाड़े की धूल चटा दी। नीरज बलिया व प्रद्युमन गाजीपुर, चंदन अकटही व चंदन चिलकहर, मनीष गाजीपुर व संदीप आजमगढ़, मनीष मऊ व लालजी गाजीपुर, विनोद बलिया व प्रमोद गाजीपुर सहित कई दर्जन कुश्तियों का निर्णय नहीं हो सका। दंगल के आयोजक प्रधान छोटेलाल यादव ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर भाजपा नेता छट्ठू राम, सपा के प्रदेश सचिव डा.अनुराग गर्ग, रब्बानी, अविनाश कुमार गुप्ता, प्रधान नरसिंह यादव, विजय यादव, छेदी कन्नौजिया, कृष्ण गुप्ता, मुखराम प्रसाद, सुजीत दास महाराज, पतिराम यादव आदि थे।